Friday, October 23rd, 2026

 हथियारबंद लुटेरों ने दो महिलाओं से 15 लाख के जेवर लूटे

मोकामा 
बिहार में अपराधियों का दुस्साहस जारी है। ताजा मामले में मुजफ्फरपुर-भागलपुर जनसेवा एक्सप्रेस में अपराधियों ने दो बहनों से 15 लाख के जेवर लूट लिये। घटना पटना-किऊल रेलखंड के रामपुर डुमरा हॉल्ट पर गुरुवार की देर रात करीब दो बजे 03420 डाउन में घटी। महिलाओं ने भागलपुर स्टेशन पर एफआईआर दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि जीआरपी से भी घटना के बाद शिकायत की गई थी, लेकिन किसी ने नहीं सुनी।

भागलपुर के अलीगंज निवासी अशोक कुमार झा की पत्नी प्रीति कुमारी अपनी बहन और बच्चों के साथ भागलपुर जा रही थी। वह मुजफ्फरपुर से अपने भाई की शादी समारोह से लौट रही थी। इसी बीच हाथीदह के नजदीक रामपुर डुमरा हॉल्ट के पास अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। चाकू के बल पर चार अपराधियों ने लूटपाट की। इनमें से एक लूटपाट कर रहा था, जबकि अन्य अपराधी चाकू का भय दिखा रहे थे। लूटे गए जेवरों की कीमत का आकलन किया जा रहा है।

मुजफ्फरपुर में ही सवार हुए थे अपराधी
मुजफ्फरपुर-भागलपुर जनसेवा एक्सप्रेस में लाखों के जेवर की लूट के बाद पीड़ित महिलाओं ने जीआरपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका का कहना है कि उन्होंने घटना के बाद चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी और संबंधित स्टेशन पर मौजूद जीआरपी को बताया कि अपराधी उनके जेवर और पैसे लेकर भाग रहे हैं। बावजूद जीआरपी ने यह कहते हुए इनकार कर दिया कि आपके सामान ट्रेन में ही कहीं गिरे होंगे। आप वहीं ढूंढ लीजिए। ट्रेन से क्यों उतर रही हैं। महिलाओं का आरोप है कि जीआरपी ने उनकी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की बजाय अपराधियों को भागने का मौका दे दिया।

 

#जेवर लूटे

Source : Agency

पाठको की राय